जयपुर: फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, तीन किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, 40 लाख से ज्यादा का सामान जलकर राख
राजधानी जयपुर के खानिया बंधा इलाके में मंगलवार देर रात फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें करीब 3 से 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने 22 फेरे लगाकर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खोह नागोरियान थानाधिकारी सुनील कुमार के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे चंद्रमहल गार्डन के पीछे स्थित फर्नीचर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के लिहाज से इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। दमकलकर्मी देर रात से सुबह तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे। फर्नीचर बनाने का कच्चा माल जलकर राख गोदाम मालिक राजेश अग्रवाल के भाई अनिल अग्रवाल के अनुसार राजापार्क में अंकिता फर्नीचर के नाम से उनकी दुकान है और खानिया बंधा में फर्नीचर का गोदाम है। गोदाम में फर्नीचर बनाने का कच्चा माल रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से पूरा माल जलकर राख हो गया। परिजनों के अनुसार आग से करीब 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अनिल अग्रवाल ने बताया कि गोदाम में मजदूर दिन के समय काम करते हैं। काम खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी घर चले जाते हैं। देर रात जब गोदाम में आग लगी, उस समय वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। ये भी पढ़ें:राजस्थान: हिरासत में मौत पर मुआवजा योजना तीन महीने में लागू करे सरकार, हाईकोर्ट का आदेश पास में ही था ट्रांसफार्मर गोदाम के पास ही एक होटल भी स्थित है। आग लगने के समय होटल में 6-7 कर्मचारी और 8-10 अन्य लोग मौजूद थे। आग की सूचना के बाद एहतियात के तौर पर होटल को खाली करा दिया गया। गोदाम के पिछले हिस्से तक भी आग पहुंच गई थी। इसी तरफ बिजली का ट्रांसफार्मर मौजूद होने से खतरा और बढ़ गया था। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग से भारी आर्थिक नुकसान सामने आया है, जबकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 06:00 IST
जयपुर: फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, तीन किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, 40 लाख से ज्यादा का सामान जलकर राख #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurFire #KhaniaBandha #FurnitureWarehouseFire #JaipurNews #RajasthanNews #KhoNagoriyan #FireBrigade #FireIncident #JaipurCrimeNews #SubahSamachar
