रामपुर: ई-वेस्ट के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक कर रहीं कांगल स्कूल की छात्रा अर्चना
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगल की 12वीं कक्षा की छात्रा अर्चना ई-वेस्ट प्रबंधन 6.0 पहल के माध्यम से लोगों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के बढ़ते खतरे और उसके उचित निपटान के प्रति जागरूक कर रही है। छात्रा ने बताया कि मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, टेलीविजन और बैटरी सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बढ़ता उपयोग ई-वेस्ट की समस्या को गंभीर बना रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खुले में फेंकना या सामान्य कचरे में मिलाना पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इनमें मौजूद सीसा, पारा और अन्य हानिकारक पदार्थ मिट्टी तथा जलस्रोतों को प्रदूषित कर सकते हैं। इसका असर मानव स्वास्थ्य के साथ जीव-जंतुओं पर भी पड़ता है। छात्रा अर्चना ने लोगों से अपील की कि खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इधर-उधर फेंकने के बजाय अधिकृत ई-वेस्ट संग्रह केंद्रों तक पहुंचाएं। पुराने उपकरणों की मरम्मत कर दोबारा इस्तेमाल करने और जरूरत के अनुसार ही इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने से भी कचरे की मात्रा कम की जा सकती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 12:42 IST
रामपुर: ई-वेस्ट के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक कर रहीं कांगल स्कूल की छात्रा अर्चना #SubahSamachar
