Hamirpur (Himachal) News: नगरोटा सूरियां में सजेगा पौंग बर्ड फेस्टिवल, पक्षियों की होगी गणना

बरियाल (कांगड़ा)। वन्यप्राणी विभाग नगरोटा सूरियां में 31 जनवरी से दो फरवरी तक में पौंग बर्ड फेस्टिवल का आयोजन करेगा। इस उत्सव के दौरान पहली फरवरी को पौंग झील में विचरने वाले प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की वार्षिक गणना की जाएगी।धर्मशाला वन्यप्राणी विंग के सीएफ सरोज भाई पटेल के नेतृत्व में होने वाली इस गणना में बंबे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी, चंडीगढ़ बर्ड क्लब और धर्मशाला बर्ड क्लब के विशेषज्ञ सहयोग करेंगे। 31 जनवरी को विशेषज्ञों का पंजीकरण और टीमों का गठन किया जाएगा। इसके बाद पहली फरवरी को सुबह 8:30 से दोपहर 2:00 बजे तक आधुनिक उपकरणों से पक्षियों की गिनती होगी।इस वार्षिक गणना में विशेष रूप से अति दुर्लभ प्रजाति के दो प्रवासी पक्षियों स्टेपी ग्रे श्राइक और यलो ब्रस्टेड बंटिंग की आधिकारिक पुष्टि होने की उम्मीद है। इन दुर्लभ पक्षियों की पहचान 21 दिसंबर को धर्मशाला बर्ड क्लब की टीम ले. जनरल भूपेश गोयल, डॉ. अभिनव चौधरी और पीयूष डोगरा ने की थी। गणना के बाद शाम तक डेटा कंपाइल कर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।उत्सव के अंतिम दिन यानी दो फरवरी को सुगनाड़ा पंचायत के पास मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें आसपास के 12 स्कूलों और तीन कॉलेजों के विद्यार्थी पक्षियों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। दोपहर बाद बच्चों को वेटलैंड और प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके उपरांत विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jan 28, 2026, 19:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hamirpur (Himachal) News: नगरोटा सूरियां में सजेगा पौंग बर्ड फेस्टिवल, पक्षियों की होगी गणना #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar