Kangra News: डिपुओं में क्यूआर कोड व्यवस्था बंद, अब ओटीपी से मिलेगा राशन
धर्मशाला। प्रदेश के सरकारी राशन डिपुओं पर अब उपभोक्ताओं को क्यूआर कोड के माध्यम से राशन नहीं मिलेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आधार प्रमाणीकरण सर्वर सामान्य होने के बाद इस अस्थायी व्यवस्था को बंद कर दिया है। अब प्रदेश के सभी लाभार्थियों को पहले की तरह ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आधारित प्रमाणीकरण के जरिए ही राशन वितरित किया जाएगा।दरअसल, पिछले महीने के अंत में आधार सर्वर में तकनीकी खराबी आने के कारण डिपुओं में राशन वितरण प्रभावित हो रहा था। वर्तमान में बैकलॉग की सुविधा बंद होने की वजह से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने अस्थायी तौर पर क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था लागू की थी, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता राशन से वंचित न रहे।अब सर्वर सुचारु रूप से कार्य करने लगा है, जिसके चलते विभाग ने क्यूआर प्रणाली को वापस लेते हुए सभी उचित मूल्य की दुकानों पर ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। कांगड़ा के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि क्यूआर कोड व्यवस्था केवल अस्थायी तौर पर शुरू की गई थी। अब आधार सर्वर ठीक होने के बाद ओटीपी व्यवस्था बहाल कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं की पहचान अधिक सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 17:53 IST
Kangra News: डिपुओं में क्यूआर कोड व्यवस्था बंद, अब ओटीपी से मिलेगा राशन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
