Sant Kabir Nagar News: सड़क टूटी, सप्लाई पाइप क्षतिग्रस्त होने से हादसे का खतरा बढ़ा
लौहरैया। क्षेत्र के सियरकला और औराडाड़ गांव के बीच सड़क बदहाल हो गई है। सड़क टूटने के साथ-साथ जलापूर्ति की पाइप भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटे पाइप और सड़क में बने गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग एमबीडी बांध तक जाने का प्रमुख रास्ता है। इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क टूटने और पाइप क्षतिग्रस्त होने से रास्ते पर पानी भर जाता है। इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। विशेषकर रात होने पर राहगीरों को दिक्कत होती है। ग्रामीण हरिराम पांडेय, मायाराम, राकेश और दीप नारायण ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही टूटे पाइप को बदला गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने तथा क्षतिग्रस्त पाइप को बदलवाने की मांग की है। ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 23:33 IST
Sant Kabir Nagar News: सड़क टूटी, सप्लाई पाइप क्षतिग्रस्त होने से हादसे का खतरा बढ़ा #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
