Sant Kabir Nagar News: स्कूलों में लगेंगे सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप

मेंहदावल। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका और परिषदीय विद्यालयों में नई शिक्षा नीति के तहत गर्मी की छुटि्टयों के 13 से 19 मई तक बच्चों को कोई भी नई भारतीय भाषा अलग से सिखाई जाएगी। इसके लिए स्कूलों में सात दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्म कालीन शिविर आयोजित करने होंगे। इस शिविर की अवधि 28 घंटे रखी गई है।बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश के तहत बच्चों का भाषाई ज्ञान बढ़ाने के लिए सभी स्कूलों में ये शिविर आयोजित किए जाने हैं। प्रदेश में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू भाषाएं सिखाई जाने के विकल्प हैं। इनके जानकार शिक्षकों की कमी है। मगर विभागीय दिशा निर्देशों के अनुसार दूसरे ब्लॉक व पड़ोसी गांवों की स्कूलों के साथ-साथ अभिभावकों व शिक्षकों की भी मदद ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि हालांकि स्कूल प्रबंधन के लिए ऐसे शिक्षकों की व्यवस्था करना किसी चुनौती से कम नहीं है। समरकैंप में कितनी व कौन–कौन सी भाषा पढ़ानी है, यह शिक्षकों की उपलब्धता अनुसार तय किया जाएगा। स्कूल को भाषा शिविर की फोटो-वीडियो अपलोड करके रिपोर्ट भी करनी होगी। शिविरों में रोजाना के हिसाब से प्लान बनाना होगा। नई भाषाओं के जरिए प्रसिद्ध नदियों, पहाड़ों व ऐतिहासिक स्मारकों आदि का इतिहास व भूगोल का ज्ञान कराया जाएगा। इसके साथ अभिवादन, अभिव्यक्तियां, अक्षर, संख्याएं, हस्ताक्षर, फल-सब्जियों तथा मसालों के नाम आदि सिखाए जाएंगे। प्रेरक व देशभक्ति नारों के अनुवाद भी कराए जाएंगे। उस भाषाओं में बस स्टैंड, सड़क, यातायात, स्थानीय ऑटो, बस चालकों आदि से बातचीत करना भी सिखाया जाएगा। भारतीय भाषाओं में देशभक्ति गीत गाना और वाद्य यंत्रों के नामों से परिचय कराया जाएगा। साथ ही आसपास के किसी रिसोर्स पर्सन को बातचीत के लिए आमंत्रित किया जा सकेगा। भाषाई ज्ञान की पहल का उद्देश्य भाषा में कौशल के साथ–साथ वहां की संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का भाव भी पैदा करना है। उस भाषा में फिल्म देखने से भी इसको समझने की क्षमता में सुधार संभव होगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 10, 2026, 01:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
SANTKABIRNAGAR NEWS



Sant Kabir Nagar News: स्कूलों में लगेंगे सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar