Una News: ऊना इंडोर स्टेडियम में 60 लाख का सिंथेटिक फ्लोरिंग बनकर तैयार
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी खेल मैदान के इंडोर स्टेडियम में छह माह के लंबे इंतजार के बाद अत्याधुनिक सिंथेटिक फ्लोरिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जर्मन तकनीक से तैयार पीयू (पॉलीयूरेथेन) आधारित फ्लोरिंग पर करीब 60 लाख से रुपये से ज्यादा की लागत आई है। हालांकि सभी तकनीकी कार्य पूर्ण हो चुके हैं, अब इसका औपचारिक उद्घाटन होना बाकी है। ऐसे में खिलाड़ी नई सुविधा का लाभ लेने के लिए अभी और इंतजार करने को मजबूर हैं।नई फ्लोरिंग लगने के बाद स्टेडियम का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। आधुनिक डिजाइन और आकर्षक रंग संयोजन के साथ यह न केवल देखने में सुंदर प्रतीत हो रही है बल्कि खेल गतिविधियों के लिए भी बेहद उपयोगी मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की सिंथेटिक फ्लोरिंग से खिलाड़ियों को बेहतर ग्रिप मिलती है, फिसलने की आशंका कम होती है और चोट लगने का जोखिम भी काफी हद तक घट जाता है। यह फ्लोरिंग अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार की गई है जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास का अनुभव मिल सकेगा।गौरतलब है कि फर्श में सीलन की समस्या के कारण यह कार्य पिछले तीन माह से प्रभावित रहा। पहले 10 जनवरी तक स्टेडियम को शुरू करने की योजना थी, बाद में फरवरी अंत तक संचालन की बात कही गई लेकिन तकनीकी कारणों से कार्य में देरी होती रही। अब मार्च माह में फ्लोरिंग का काम पूरा हो चुका है और केवल उद्घाटन की औपचारिकता शेष है।इंडोर स्टेडियम जिला खेल विभाग के अधीन संचालित होता है और यहां कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो सहित कई अन्य इनडोर खेलों का नियमित अभ्यास कराया जाता है। प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण के लिए पहुंचते हैं। स्टेडियम बंद रहने से खिलाड़ियों को अभ्यास में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना पड़ा।जिला खेल अधिकारी एवं कुश्ती कोच प्रिंस पठानिया ने बताया कि नई सिंथेटिक फ्लोरिंग के साथ स्टेडियम में खिलाड़ियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही स्टेडियम का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा ताकि खिलाड़ी आधुनिक सुविधाओं के साथ अपने खेल कौशल को निखार सकें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 00:00 IST
Una News: ऊना इंडोर स्टेडियम में 60 लाख का सिंथेटिक फ्लोरिंग बनकर तैयार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
