Una News: टीजीटी कला संघ ने समस्याओं पर किया मंथन, सरकार को भेजा मांग पत्र

बडूही (ऊना)। हिमाचल प्रदेश राजकीय टीजीटी कला संघ जिला ऊना इकाई की बैठक जिला अध्यक्ष नरेंद्र पुनर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में टीजीटी कला अध्यापकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के उपरांत संघ की ओर से एक ज्ञापन तैयार कर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भेजा गया, जिसमें शिक्षकों की लंबित मांगों के समाधान की अपील की गई। संघ ने छठे वेतन आयोग के एरियर का भुगतान और लंबित महंगाई भत्ते को जारी करने के लिए समयबद्ध एवं चरणबद्ध योजना बनाने की मांग उठाई ताकि शिक्षकों को उनका आर्थिक हक मिल सके। संघ ने यह भी मांग की कि टीजीटी कला अध्यापकों के रिक्त पदों को सीधी भर्ती, बैचवाइज आधार और पदोन्नति के माध्यम से जल्द भरा जाए, जिससे विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियां सुचारु रूप से चल सकें। पदोन्नति प्रक्रिया को तेज करने के लिए अग्रिम पदोन्नति पैनल पूल तैयार करने पर भी जोर दिया गया, जिससे जेबीटी से टीजीटी, सीएंडवी से टीजीटी, टीजीटी से प्रवक्ता और टीजीटी से हेडमास्टर पदों पर नियुक्तियां समय पर हो सकें।इसके अलावा शिक्षा विभाग में हेडमास्टर के 600 रिक्त पदों और पदोन्नति के आधार पर भरे जाने वाले 750 प्रवक्ता पदों को शीघ्र भरने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। संघ ने टीजीटी कला अध्यापकों की वर्षों से लंबित वरिष्ठता सूची (सीनियोरिटी लिस्ट) को तुरंत दुरुस्त करने की भी मांग रखी ताकि पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सके।इस अवसर पर जिला महासचिव जरनैल सिंह राणा, कोषाध्यक्ष शशिपाल, राज्य संगठन सचिव इंदु शेखर, जिला सचिव सुमित भारद्वाज, रवि ठाकुर सहित विभिन्न शिक्षा खंडों के अध्यक्ष और सदस्यों में रवि दत्त, पवन कुमार, भगवान सिंह, प्रियंका जायसवाल, संजीव कुमार, अनामिका शुक्ला, राजीव कुमार धीमान आदि उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 10, 2026, 00:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: टीजीटी कला संघ ने समस्याओं पर किया मंथन, सरकार को भेजा मांग पत्र #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar