Kullu News: तीन माह बाद आज खुलेंगे बिजली महादेव मंदिर के कपाट
सालभर श्रद्धालु कर सकेंगे भोले बाबा के दर्शन फागली में देव परंपरा का भी होगा निर्वहन संवाद न्यूज एजेंसी खराहल (कुल्लू)। जिले के अधिष्ठाता देव बिजली महादेव के श्रद्धालु 14 मार्च से दर्शन कर सकेंगे। तीन माह बाद देवता बिजली महादेव मंदिर के शनिवार को कपाट खुल जाएंगे। देवता के मंदिर के कपाट 15 दिसंबर से बंद थे। हालांकि शिवरात्रि के दिन बिजली महादेव मंदिर के कपाट विशेष रूप से खोले गए थे। इसके बाद फिर कपाट बंद कर दिए थे। चैत्र माह की संक्रांति के दिन शनिवार को देवता बिजली महादेव के मंदिर के कपाट देव विधि से खोलने के साथ ही मंदिर में देवता की पूजा-अर्चना का दौर भी शुरू हो जाएगा। अब पूरा सालभर देवता बिजली महादेव की यहां सुबह और शाम पूजा-आरती होगी। खास बात यह है कि मंदिर में शनिवार को फागली का भी आयोजन होगा। इसमें देव परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। फागली में देवता बिजली महादेव गूर के माध्यम से सालभर की भविष्यवाणी करेंगे। हारियानों और कारकूनों में देवता की सालभर की भविष्यवाणी को लेकर उत्साह रहता है। देवता बिजली महादेव मंदिर में सालभर भोले बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु महादेव का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में बिजली महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 13, 2026, 17:52 IST
Kullu News: तीन माह बाद आज खुलेंगे बिजली महादेव मंदिर के कपाट #TheDoorsOfBijliMahadevTempleWillOpenTodayAfterThreeMonths. #SubahSamachar
