Sant Kabir Nagar News: सांथा में जाम हुआ लाइलाज, आवागमन में बढ़ी मुश्किल
सांथा। कस्बे से लोहरसन जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या खत्म नहीं हो रही है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।सड़क किनारे ठेला दुकानदारों के कारण जाम की समस्या बढ़ गई है। इसके अलावा शाम के समय कुछ लोग सड़क किनारे दोपहिया वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन और अधिक बाधित हो जाता है। इसके चलते राहगीरों और वाहनों को जाम से जूझना पड़ता है। ग्रामीण जयप्रकाश जायसवाल, देवेंद्र यादव, समीउल्लाह खां, अवनीश पाठक, महेश वर्मा, अजमल, बृभूषण अग्रहरि ने बताया कि इस समस्या से आमजन काफी परेशान हैं। वहीं हरीश राय तथा सिद्धू झा ने बताया कि सांथा-लोहरसन मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों और स्कूली छात्रों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसी रोड का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए तथा सड़क किनारे अवैध रूप से चल रही दुकानों को हटाया जाए, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। उप जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि जांच कराकर अवैध तरीके से चल रही दुकानों की हटवाया जाएगा और अधूरी सीसी रोड का जल्द से जल्द निर्माण करवाया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 23:25 IST
Sant Kabir Nagar News: सांथा में जाम हुआ लाइलाज, आवागमन में बढ़ी मुश्किल #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
