Una News: अंब में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की आगे नहीं बढ़ पाई योजना

अंब (ऊना)। अंब उपमंडल में प्रस्तावित आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की योजना तीन साल से ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। कॉलेज स्थापित करने को लेकर पहले चरण में जमीन चिह्नित करने सहित प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी लेकिन इसके बाद योजना को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। नैहरियां क्षेत्र में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित की गई है। इसके साथ ही संबंधित विभागों की ओर से प्रस्ताव तैयार करने और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। योजना के तहत मेडिकल कॉलेज के साथ आयुर्वेदिक अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की भी योजना थी ताकि क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा की बेहतर सुविधा मिल सके। इस परियोजना को लेकर पहल भाजपा सरकार के कार्यकाल में की गई। उस समय आयुष विभाग की ओर से कॉलेज स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित करने और प्रारंभिक सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। हालांकि इसके बाद योजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक स्वीकृतियां और बजट उपलब्ध नहीं हो पाया, जिसके चलते मामला आगे नहीं बढ़ सका। वर्तमान में स्थिति यह है कि पिछले करीब तीन वर्षों से यह योजना पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। संबंधित विभागों की ओर से भी इस दिशा में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में भी इस परियोजना को लेकर निराशा देखने को मिल रही है। अंब उपमंडल में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित होता है तो इससे न केवल अंब बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। मरीजों को आयुर्वेदिक उपचार की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जबकि युवाओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा शिक्षा के लिए अन्य जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलेगी। अंब में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने को लेकर प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। आगामी प्रक्रिया उच्च अधिकारियों के स्तर पर ही तय होगी। विभाग के जो भी निर्देश होंगे, उसी के अनुसार कार्य किया जाएगा। डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी ऊना

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 06, 2026, 23:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: अंब में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की आगे नहीं बढ़ पाई योजना #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar