Una News: अनाथ युवती के पोल्ट्री फार्म को चोरों ने फिर बनाया निशाना

घनारी (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बार-बार एक ही जगह को निशाना बना रहे हैं जबकि पुलिस अब तक हाथ पर हाथ है। ताजा मामला मवा कोहलां गांव के एक पोल्ट्री फार्म का है, जहां चोरों ने एक बार फिर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार यह पोल्ट्री फार्म 30 वर्षीय एक युवती द्वारा चलाया जा रहा है, जो इसी के सहारे अपना जीवन यापन कर रही है। हैरानी की बात यह है कि युवती के सिर पर माता-पिता का साया तक नहीं है और यही छोटा सा पोल्ट्री फार्म उसकी जिंदगी का एकमात्र सहारा है। पीड़ित युवती ने बताया कि जब वह सुबह पोल्ट्री फार्म पहुंची तो वहां बने कमरे का ताला टूटा हुआ पाया। जैसे ही वह अंदर गई तो कमरे में रखा सामान गायब था। चोरों ने बड़ी चालाकी से पहले पोल्ट्री फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी साथ ले गए।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पहली बार नहीं है। जब इस पोल्ट्री फार्म को निशाना बनाया गया हो। अब सवाल यह उठता है कि आखिर गगरेट क्षेत्र में चोर इतने बेखौफ क्यों हो चुके हैं। क्या पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली ही उन्हें खुली छूट दे रही है। पीड़ित युवती ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 08, 2026, 00:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: अनाथ युवती के पोल्ट्री फार्म को चोरों ने फिर बनाया निशाना #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar