अपडेट्स: सरकार ने एयरलाइंस को दिए निर्देश- कोहरे के मौसम में योग्य क्रू ही उपलब्ध कराएं
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को विभिन्न एयरलाइंस से कहा कि वे आगामी कोहरे के मौसम में यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए योग्य क्रू की उपलब्धता, कम दृश्यता में उड़ान संचालन के मानकों पर खरे उतरने वाले विमानों और व्यावहारिक उड़ान शेड्यूल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कोहरे का मौसम 15 दिसंबर, 2026 से 15 फरवरी, 2027 तक रहने की उम्मीद है। मंत्रालय ने मंगलवार को कोहरे के मौसम की तैयारियों को लेकर विभिन्न पक्षों के साथ बैठक की। इसमें उड़ानों में देरी, रद्द होने या समय में बदलाव जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने, समय पर सूचना देने, बेहतर तालमेल बनाने और यात्रियों को उचित सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एयरलाइंस को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि उनके ग्राउंड हैंडलिंग कर्मचारी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हों, सामान का प्रबंधन और विमानों को अगली उड़ान के लिए तैयार करने का काम कुशलता से हो तथा उड़ानों में बाधा आने पर यात्रियों को जरूरी मदद मिले। बयान में कहा गया, 'एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि वे कम दृश्यता में उड़ान संचालन के लिए योग्य क्रू और निर्धारित मानकों के अनुरूप विमानों की उपलब्धता सुनिश्चित करें, व्यावहारिक उड़ान शेड्यूल बनाएं और उड़ानों के संचालन को लेकर समय पर फैसले लें।' बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि उड़ानों में बाधा आने पर यात्रियों को देरी, उड़ान रद्द होने और प्रस्थान के बदले हुए समय की जानकारी एसएमएस, मोबाइल ऐप और ईमेल के जरिए समय पर दी जानी चाहिए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को नियामकीय निगरानी सुनिश्चित करने, संबंधित निर्देशों का पालन कराने, विमानों और क्रू की तैयारियों की जांच करने तथा एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 02:49 IST
अपडेट्स: सरकार ने एयरलाइंस को दिए निर्देश- कोहरे के मौसम में योग्य क्रू ही उपलब्ध कराएं #IndiaNews #National #TodayNews #SubahSamachar
