Sant Kabir Nagar News: ट्रेलर ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
संतकबीरनगर। खलीलाबाद-गोरखपुर हाईवे पर मड़या के पास रविवार को एक ट्रेलर ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। मृतक मूलरूप से सीतापुर का रहने वाला था।जानकारी के अनुसार कुछ मजदूर ट्रैक्टर-ट्राॅली से खलीलाबाद से सहजनवां की ओर जा रहे थे। मड़या के पास ट्रेलर ने ट्राॅली में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई। उसकी पहचान नीरज (35) पुत्र रमेश, रेउसा, सीतापुर के रूप में हुई। घायलों में ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र (45) देवीपुर, चौरीचौरा, गोरखपुर, रामूराज (22) तथा पुष्कर (25) वर्ष रेउसा, सीतापुर शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बता दें कि हादसा दिन के करीब तीन बजे हुआ। मजदूर खलीलाबाद में बिजली का पाइप जमीन में डालने आए थे, लेकिन काम नहीं हुआ। वह सहजनवां काम के लिए जा रहे थे। इसी बीच मड़या के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद खलीलाबाद-गोरखपुर लेन में आवागमन बंद हो गया। खलीलाबाद-बस्ती लेन से वाहनों को निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रेलर चालक को थाने लेकर आई। उससे पूछताछ कर रही है। ट्रक पर लकड़ी की प्लाई लदी थी। यातायात पुलिस ट्रक को हटवाकर आवागमन सामान्य करने में जुटी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 23:34 IST
Sant Kabir Nagar News: ट्रेलर ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
