Shimla: मंत्रिमंडल संग राम मंदिर पहुंचे सीएम सुक्खू, बोले- आस्था की चोरी बर्दाश्त नहीं

अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मंगलवार को नया मोड़ देखने को मिला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने मंत्रिमंडल और कांग्रेस विधायकों के साथ पैदल मार्च करते हुए शिमला के ऐतिहासिक राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना और हवन में भाग लिया। राम मंदिर तक निकाले गए मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। मंदिर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों ने भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया, श्रीराम की प्रतिमा का अभिषेक किया, मंदिर की परिक्रमा की और हवन में आहुति देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यदि चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सही हैं तो यह केवल धन का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से सहयोग राशि एकत्र की जा रही थी, तब उन्होंने विधायक रहते हुए अपनी श्रद्धा के अनुसार योगदान दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हिमाचल सरकार ने पूरे दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने कहा कि वास्तविक श्रद्धालु भगवान के नाम पर राजनीति नहीं करते। साथ ही उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि आस्था को ठेस पहुंचाने वालों को सद्बुद्धि मिले। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि राम मंदिर आंदोलन में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 07, 2026, 08:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Shimla: मंत्रिमंडल संग राम मंदिर पहुंचे सीएम सुक्खू, बोले- आस्था की चोरी बर्दाश्त नहीं #SubahSamachar