VIDEO: कर चोरी के आरोपों पर जीएसटी अधिकारियों और कारोबारियों में बढ़ी रार
आगरा में पिछले तीन महीने से लगातार राज्यकर विभाग की विशेष जांच टीम (एसआईबी) और मोबाइल यूनिटों की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। कारोबारी प्रताड़ित करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, अधिकारियों का दावा है कि कर चोरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को रोकने के लिए यह विरोध का हथकंडा अपनाया जा रहा है। दरअसल, मई महीने में ट्रांसपोर्टर असगर अली का मोबाइल यूनिट में तैनात एक अधिकारी से विवाद हो गया था। शिकायत शासन स्तर तक पहुंची, जिसके बाद मोबाइल यूनिट के अधिकारियों की जांच अब तक चल रही है। उस पर फैसला होने से पहले ट्रांसपोर्टर की हत्या हो गई। इसके बाद हाल ही में दो कारोबारी संगठनों ने राज्यकर विभाग के अधिकारियों पर प्रताड़ित करने से लेकर भ्रष्ट आचरण के आरोप लगाए। मंगलवार को जयपुर हाउस स्थित राज्य कर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। यही नहीं, अपनी मांगों के ज्ञापन सौंपने के दौरान अफसरों और कारोबारियों में नोकझोंक तक हुई लेकिन दोनों ही पक्ष में से कोई भी गलती मानने को तैयार नहीं है। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 1 पंकज गांधी का कहना है कि कर चोरी में शामिल कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नियमों का पालन करते हुए कारोबार करने वाली किसी फर्म पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के महानगर अध्यक्ष नरेश पांडेय ने कहा कि अधिकारी नियमों के बहाने कारोबारियों को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका का कहना है कि एकतरफा कार्रवाई से जिले में कारोबार के लिहाज से माहौल खराब हो रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 31, 2026, 17:46 IST
VIDEO: कर चोरी के आरोपों पर जीएसटी अधिकारियों और कारोबारियों में बढ़ी रार #SubahSamachar
