तलवाड़ा में बिजली कर्मचारियों की गेट रैली, चार दिन के सामूहिक अवकाश पर गए कर्मचारी

बिजली कर्मचारियों के ज्वाइंट प्लेटफॉर्म के आह्वान पर तलवाड़ा सब-डिवीजन के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सब-डिवीजन कार्यालय के बाहर जोरदार गेट रैली आयोजित की। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार और बिजली निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। गेट रैली की अध्यक्षता टेक्निकल सर्विसेज यूनियन के सब-डिवीजन अध्यक्ष इंदरजीत सिंह तथा एम्प्लॉइज फेडरेशन के सब-डिवीजन अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने संयुक्त रूप से की। रैली में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और बिजली निगम प्रबंधन लंबे समय से कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। कई दौर की बातचीत और ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने बताया कि जॉइंट प्लेटफॉर्म के निर्णय के अनुसार वे 22 जुलाई की आधी रात से चार दिन के कलेक्टिव लीव (सामूहिक अवकाश) पर चले गए हैं। इस अवधि के दौरान कोई भी कर्मचारी नियमित ड्यूटी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम मजबूरी में उठाया गया है क्योंकि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की उपेक्षा से बिजली व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन से अपील की कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि आंदोलन समाप्त हो सके और सामान्य कार्य व्यवस्था बहाल हो। इस बीच चल रहे संघर्ष के दौरान बिजली बोर्ड प्रबंधन ने कर्मचारी प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया। हालांकि कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे किसी एक संगठन को अलग से बातचीत के लिए नहीं भेजेंगे। उनका कहना था कि जॉइंट प्लेटफॉर्म के सभी संगठनों को एक साथ बैठक के लिए आमंत्रित किया जाए, तभी सार्थक वार्ता संभव होगी। संगठनों का मानना है कि सामूहिक रूप से बातचीत होने पर सभी पक्षों की बात प्रभावी ढंग से सामने रखी जा सकेगी। इम्प्लॉइज फेडरेशन यूनियन के सूबा प्रधान बलिहार सिंह ने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर एकजुट हैं और जब तक सरकार तथा बिजली निगम प्रबंधन ठोस आश्वासन देकर मांगों का समाधान नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकता बनाए रखने और जॉइंट प्लेटफॉर्म के फैसलों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्मचारियों की एकजुटता के बल पर उनकी मांगों को जल्द स्वीकार कराया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 25, 2026, 10:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


तलवाड़ा में बिजली कर्मचारियों की गेट रैली, चार दिन के सामूहिक अवकाश पर गए कर्मचारी #SubahSamachar