गोंडा: सद्दाम-निजाम के दीयों से रोशन होंगे घर, माटी की लौ से मजबूत होगी साझी विरासत

गोंडा: अयोध्या की सरहद से सटे गोंडा में दीपोत्सव की रोशनी से घरों के साथ कुम्हारों के चूल्हे भी रोशन होंगे। इस रोशनी में मनकापुर बस स्टैंड निवासी सद्दाम और निजाम अली के हाथों से बने मिट्टी के दीयों की लौ भी शामिल होगी। धर्म भले ही अलग हों लेकिन माटी से जुड़ी परंपरा और भगवान श्रीराम के प्रति आस्था ने उन्हें दीपोत्सव से जोड़ रखा है। मुस्लिम परिवारों की कई पीढ़ियां मिट्टी के दीये और खिलौने बनाकर इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। मनकापुर बस स्टैंड के पास रहने वाले सद्दाम का परिवार पीढ़ियों से माटी कला से जुड़ा है। दिवाली नजदीक आते ही पूरा परिवार दीये, रंग-बिरंगे खिलौने, मिट्टी के घर, घड़े और दूसरे बर्तन बनाने में जुट जाता है। पत्नी और बच्चे भी काम में हाथ बंटाते हैं। सद्दाम बताते हैं कि भगवान श्रीराम में उनकी गहरी आस्था है। दिवाली उनके लिए आस्था के साथ रोजगार का भी बड़ा अवसर है। इसी काम से परिवार का खर्च चलता है और बच्चों की पढ़ाई होती है। माटी कला ही उनकी पहचान है। इसी तरह निजाम अली इक्के पर मिट्टी के दीये और बर्तन लादकर गांव-गांव पहुंचते हैं। सड़क किनारे दुकान नहीं होने से उन्होंने घूमकर सामान बेचने का रास्ता चुना है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचकर लोगों को दीये उपलब्ध कराते हैं। उनका प्रयास है कि दीपोत्सव पर अधिक से अधिक घरों में मिट्टी के दीये जलें और परंपरागत कारोबार से परिवार की आजीविका भी चलती रहे। अयोध्या दीपोत्सव के लिए भेजे दो लाख दीये जिले में माटी कला से जुड़े सैकड़ों परिवार इसी परंपरागत व्यवसाय से आजीविका चला रहे हैं। वजीरगंज के डुमरियाडीह निवासी जगदंबा शरण प्रजापति अब तक अयोध्या दीपोत्सव के लिए करीब दो लाख दीये भेज चुके हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि वर्ष 2019-20 से अब तक 250 लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक चाक दिए गए हैं। इससे कारीगरों को काम करने में सहूलियत मिली है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदने की अपील की, ताकि उनकी कला और आजीविका को बढ़ावा मिले। अधिकारियों के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय की कसगर बिरादरी भी कुम्हार श्रेणी में आती है और परंपरागत रूप से मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करती रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 05, 2026, 13:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


गोंडा: सद्दाम-निजाम के दीयों से रोशन होंगे घर, माटी की लौ से मजबूत होगी साझी विरासत #SubahSamachar