हमीरपुर: धमरोला में पुलिया के निर्माण पर खर्च होंगे तीन लाख
धमरोला गांव में पुलिया के निर्माण पर तीन लाख और मोक्षधाम की शेड पर एक लाख रुपये मंजूर किया जाएगा। वहीं जख्योल (मंझला वास) की सड़क के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। गांव में मोक्षधाम के लिए डेढ़ लाख, गांव रमेहड़ा में बनाए गए पेयजल के ओवर हैड टैंक के लिए एक माह के भीतर पाइपलाइन बिछाने और गांव लोहारवीं की सड़क को पक्का किया जाएगा। विधायक सुरेश कुमार ने खरवाड़ पंचायत के धमरोला गांव में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान यह घोषणाएं कीं। सोमवार को गांव में संपर्क सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन के दौरान उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं। जन सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा गांव के संपर्क मार्ग के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि से पहली किश्त के रूप में 7 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है और इस सड़क पर जितनी भी धनराशि खर्च होगी, उसका प्रावधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। तीन वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की नई परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। इससे यह क्षेत्र पूरे प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बन्याल, महिला कांग्रेस की सुशीला शर्मा, पूर्व प्रधान भागां देवी, पंचायत सदस्य रामप्यारी देवी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 17:19 IST
हमीरपुर: धमरोला में पुलिया के निर्माण पर खर्च होंगे तीन लाख #SubahSamachar
