कानपुर: टोल फ्री नंबर डायल करो और घर बैठक जीवन प्रमाण पत्र निशुल्क बनवाओ
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के साथ मिलकर पेंशनभोगियों के लिए एक नई डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) सेवा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारी पेंशन योजना 1995 के तहत आने वाले पेंशनभोगियों को घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा प्रदान करना है। यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है और इसका पूरा खर्च ईपीएफओ वहन करेगा। जिससे विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। कानपुर रीजन में 87,292 पीएफ पेंशनर हैं। जिसमें से 21,374 पेंशनरों के अब जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं हो पाएं हैं। सर्वोदयनगर स्थित पीएफ कार्यालय में आयाेजित पत्रकारवार्ता में ये जानकारी क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल ने दी। उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहले टोल फ्री ग्राहक सेवा नंबर 033-22029000 पर संपर्क करना होगा। इसके बाद डाक विभाग का डाकिया संबंधित पेंशनर के बताए गए पते पर आएगा और प्रमाण पत्र बनाएगा। पहले पेंशनभोगियों को अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या ईपीएफओ कार्यालय जाना पड़ता था। अब प्रशिक्षित डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगियों के घर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन या बायोमीट्रिक सत्यापन के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस सुविधा से पेंशनभोगियों को हर साल कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उनका जीवन प्रमाण पत्र स्वतः ईपीएफओ के अभिलेखों में दर्ज हो जाएगा। उन्होंने बताया कि कानपुर मंडल में 15 जिले आते हैं। इनमें से 5 साल या उससे अधिक समय से से 9193 पेंशनरों के जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं हुए हैं। कानपुर नगर में 6054, औरैया में 147, बांदा में 116, चित्रकूट में 31, इटावा में 356, फर्रुखाबाद में 269, फतेहपुर में 395, हमीरपुर में 84, जालौन में 148, झांसी में 453, कन्नौज में 140, कानपुर देहात में 161, ललितपुर में 33, महोबा में 52 और उन्नाव में 754 पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र लंबित हैं। विभाग की पहली प्राथमिकता है कि इनके प्रमाण पत्र बने और विभाग में जमा हों ताकि उनकी पेंशन भी नियमित हो सके। इंडिया पोस्ट के रीजनल हेड राहुल चौधरी ने बताया कि कानपुर मंडल में 3300 डाकिया और डाकसेवकों के जरिए इस योजना का क्रियांवयन कराया जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक भी पेंशन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी। यह पहल उन पेंशनभोगियों की कठिनाइयों को दूर करेगी जो सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते या जिन्हें डिजिटल साक्षरता की कमी के कारण जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी होती है। वार्ता के दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय कुमार अभिषेक, सहायक आयुक्त शिवानी गरिमा सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक आईपीपीबी कानपुर धर्मवीर गौतम मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 29, 2026, 17:33 IST
कानपुर: टोल फ्री नंबर डायल करो और घर बैठक जीवन प्रमाण पत्र निशुल्क बनवाओ #SubahSamachar
