लडभड़ोल: पत्नी को टिकट नहीं मिलने पर संजीव शर्मा भाजपा से खफा

जिला परिषद चुनावों के बीच लांगणा वार्ड में भाजपा के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए हैं। पूर्व जिप सदस्य संजीव शर्मा ने अपनी पत्नी राखी शर्मा को टिकट न मिलने पर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा से अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए शर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अब स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगे। लडभड़ोल में पत्रकारों से बात करते हुए संजीव शर्मा ने कहा कि वह 1989 से पार्टी के एक निष्ठावान सिपाही के रूप में काम कर रहे हैं। मंडल के विभिन्न पदों और प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं देने के बावजूद उन्हें और उनके परिवार को टिकट वितरण के समय पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने स्थानीय मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्हें आवेदन प्रक्रिया के संबंध में कोई सूचना तक नहीं दी गई। संजीव शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वयं जिला अध्यक्ष निहाल शर्मा के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की थी। उन्होंने दावा किया। जिला अध्यक्ष ने उन्हें एडवांस में जीत की बधाई तक दे दी थी और आश्वासन दिया था कि स्थानीय विधायिका से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। इसके बावजूद टिकट कटना उनके साथ विश्वासघात है। टिकट कटने से आहत उन्होंने बागी तेवर अपनाते हुए कहा कि वे हर हाल में चुनाव लड़ेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 09, 2026, 12:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


लडभड़ोल: पत्नी को टिकट नहीं मिलने पर संजीव शर्मा भाजपा से खफा #SubahSamachar