Mandi News: खोहली स्कूल बंद करने के फैसले पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सरकार को 13 जुलाई तक का अल्टीमेटम

उपमंडल की ऐहजू पंचायत के खोहली स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला को बंद कर ऐहजू स्कूल में मर्ज करने के प्रस्तावित निर्णय के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के फैसले को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के शिक्षा के अधिकार के विपरीत बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि वर्ष 1975 में स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में 12 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और इनमें अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बंद होने की स्थिति में बच्चों को दूसरे विद्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। रास्ते में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है, जबकि अधिकांश अभिभावक दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। ऐसे में छोटे बच्चों को प्रतिदिन दूर स्थित स्कूल भेजना उनके लिए सुरक्षित और व्यावहारिक नहीं है। प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने प्रदेश सरकार को 13 जुलाई तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि स्कूल बंद करने संबंधी अधिसूचना वापस लेकर विद्यालय को पुनः बहाल नहीं किया गया तो 13 जुलाई को एसडीएम कार्यालय के बाहर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 07, 2026, 08:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Mandi News: खोहली स्कूल बंद करने के फैसले पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सरकार को 13 जुलाई तक का अल्टीमेटम #SubahSamachar