सोनीपत: खंभे पर लगे मीटरों में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला
सोनीपत। खरखौदा के मेन बाजार में शनिवार शाम एक दुकान के किनारे लगे बिजली के खंभे पर लगे मीटरों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। अचानक लगी आग कुछ ही समय में काफी भड़क गई। इससे आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि शाम के समय बिजली के खंभे पर लगे मीटरों से अचानक चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते मीटरों के आसपास आग की लपटें उठने लगीं। बाजार में दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान पास-पास होने के कारण आग बढ़ने पर नुकसान की आशंका बनी हुई थी। आग को बढ़ता देख आसपास के लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास की दुकानों और सामान को नुकसान नहीं पहुंचा। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच सकती थीं और बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद बिजली के मीटरों और खंभे की जांच की आवश्यकता भी महसूस की गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 19, 2026, 15:59 IST
सोनीपत: खंभे पर लगे मीटरों में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला #SubahSamachar
