Video: सुल्तानपुर में ट्रक-अर्टिगा की भिड़ंत, अयोध्या के बाद वाराणसी दर्शन करने जा रहे 5 श्रद्धालु घायल
सुल्तानपुर में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। देहात कोतवाली अंतर्गत कमनगढ़ गांव के पास अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से तीन को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार में सवार सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर वाराणसी जा रहे थे। कार जैसे ही कमनगढ़ गांव के पास पहुंची, तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दर्शनार्थियों के घायल होने की खबर पर एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को लखनऊ रेफर करने का निर्णय लिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। देहात कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच पड़ताल में जुटी है। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, घायलों की पहचान राहुल कुमार तिवारी (38), कललिंदा देवी (59), नेहा कुमारी (35), सत्यनारायण तिवारी (62) और ड्राइवर विकास (35) के रूप में हुई है। ये सभी झारखंड के पलामू जिले के पंडवा के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 02, 2026, 07:00 IST
Video: सुल्तानपुर में ट्रक-अर्टिगा की भिड़ंत, अयोध्या के बाद वाराणसी दर्शन करने जा रहे 5 श्रद्धालु घायल #SubahSamachar
