Sant Kabir Nagar News: 15 दिन की बची प्रधानी, चुनाव का पता नहीं, ग्राम प्रधानों की बढ़ी बेचैनी
सेमरियावां। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने में 15 दिन बचे हैं, लेकिन पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अभी अधूरी है। मतदाता सूची 10 जून को जारी होनी है, जिससे चुनाव टलते नजर आ रहे हैं। सरकार ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि पंचायतों की कमान मौजूदा प्रधानों को मिलेगी या एडीओ पंचायत को प्रशासक बनाया जाएगा। इसी असमंजस से प्रधानों में बेचैनी और नाराजगी बढ़ रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतों में चुनाव होना है। ग्राम प्रधान के 113, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 121, ग्राम पंचायत सदस्य के 1379 और जिला पंचायत सदस्य के पांच पदों के लिए चुनाव की संभावना है। इन ग्राम पंचायतों में वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव हुए थे। इस चुनाव से पहले भी करीब छह महीने तक गांवों की कमान प्रशासन के हाथों में रही थी। अब एक बार फिर ऐसी स्थिति पैदा हो रही है। 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। चुनाव होने के आसार नहीं है। सरकार प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाएगी अथवा प्रशासक बैठाकर पंचायत का संचालन कराएगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 23:28 IST
Sant Kabir Nagar News: 15 दिन की बची प्रधानी, चुनाव का पता नहीं, ग्राम प्रधानों की बढ़ी बेचैनी #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
