Kangra News: दनेई में टेंपो की टक्कर से नाले में गिरी साइकिल, युवक घायल
सुलह (कांगड़ा)। उपमंडल धीरा के दनेई क्षेत्र में एक संकरे मोड़ पर साइकिल और टेंपो के बीच हुई भिड़ंत में एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार से ढलान उतर रही साइकिल सड़क के मोड़ पर एक टेंपो के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में घायल युवक को हाथ में चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में दनेई निवासी साक्षी ने बताया कि वह अपने खेतों की ओर जा रही थीं। इसी दौरान धीरा से दनेई की ओर जा रहा एक टेंपो जैसे ही सड़क के मोड़ पर पहुंचा, तभी अविनाश चौहान नामक युवक तेज गति से ढलान उतरते हुए अपनी साइकिल लेकर वहां आ गया। सड़क संकरी होने और तीखा मोड़ होने के कारण साइकिल सवार अचानक अनियंत्रित होकर टेंपो के पिछले हिस्से से टकरा गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक साइकिल समेत सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा, जिससे उसे हाथ में चोट लग गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय टेंपो की गति अधिक नहीं थी और यह दुर्घटना मुख्य रूप से संकरे मोड़ पर ढलान से तेज गति से आ रही साइकिल के कारण हुई। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 14, 2026, 19:41 IST
Kangra News: दनेई में टेंपो की टक्कर से नाले में गिरी साइकिल, युवक घायल #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
