Bareilly News: पानी, सड़क और अंडरपास के लिए तरस रही 40 हजार की आबादी

बरेली शहर के वार्ड-59 सरनिया की 40 हजार आबादी पानी, सड़क और अंडरपास के लिए तरस रही है। दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं और अंडरपास न होने से लोग रोजाना क्राॅसिंग पर फंस रहे हैं। इससे लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा है। ये समस्याएं रविवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में वार्ड के नागरिकों ने साझा कीं। सुरजीत ने बताया कि वार्ड के बीच स्थित पुराने तालाब की साफ-सफाई नहीं होने से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। यहां लगा हैंडपंप खराब है। उसकी भी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। नन्हेलाल ने बताया कि महिलाओं को प्रसव के लिए दूर जाना पड़ता है। मिनी स्वास्थ्य केंद्र खुल जाए तो इस समस्या का समाधान हो सकता है। आनंद लोधी ने बताया कि वार्ड के कई मोहल्लों व चौराहों की लाइटें खराब हैं। उसको बदला नहीं जा रहा है। विजय लोधी ने बताया कि एक कमरे की प्राथमिक पाठशाला में कक्षा एक से पांच तक के 150 विद्यार्थियों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। कुछ अन्य कमरे बन जाएं तो छात्रों को राहत मिलेगी। नत्थूलाल ने बताया कि पस्तोर से अटरिया तक रास्ता बन जाए तो पांच किमी का चक्कर लगाने के बजाय सिर्फ आधा किमी से काम चल जाएगा। यह मार्ग महेशपुर, अहरिया, पस्तोर को जोड़ता है। इस मौके पर अजय कुमार, वीरेश पाल, पूरन प्रकाश, नरेश राणा, सचिन गुप्ता, नीलाधर, केदार आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 27, 2026, 06:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: पानी, सड़क और अंडरपास के लिए तरस रही 40 हजार की आबादी #APopulationOf40 #000YearnsForWater #RoadsAndUnderpasses. #SubahSamachar