बुलंदशहर: कार्तिक अमावस्या पर गंगा घाटों पर गूंजे हर-हर गंगे के जयकारे, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कार्तिक मास की अमावस्या और दीपावली के पावन पर्व पर रविवार को छोटी काशी अनूपशहर के गंगा घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। घाटों पर 'हर-हर गंगे' के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। शास्त्रों में कार्तिक अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। इसी मान्यता के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने तड़के ही मस्तराम घाट, बबस्टरगंज, त्रिवेणी घाट, परशुराम घाट, लाल महादेव घाट, गंगापुल आदि प्रमुख तटों पर पहुंचकर स्नान किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे स्थित प्राचीन मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान परंपरा का निर्वहन करते हुए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र तथा सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य भी किया, जिससे पर्व की रौनक और बढ़ गई। भारी भीड़ और स्नानार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। हालांकि, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के वाहनों के दबाव के कारण अनूपशहर के मस्तराम घाट रोड पर सोहम ताऊ आश्रम के निकट कई बार लंबा जाम लग गया। जाम में वाहन फंसने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया और सुचारू यातायात बहाल किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 08, 2026, 10:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बुलंदशहर: कार्तिक अमावस्या पर गंगा घाटों पर गूंजे हर-हर गंगे के जयकारे, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी #CityStates #Bulandshahar #KartikPurnima2026 #Diwali2026 #SubahSamachar