Police: नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद अलीगढ़ पुलिस को मिले 581 नए आरक्षी, पासिंग आउट परेड में गूंजी कदमताल
अलीगढ़ के नवीन पुलिस लाइन, छेरत में 26 अप्रैल को 581 प्रशिक्षु आरक्षियों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। करीब नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद सभी रिक्रूट आरक्षी पुलिस विभाग में शामिल हो गए। दीक्षांत परेड में जवानों ने अनुशासन, समन्वय और शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। परेड में 20 टुकड़ियों ने परेड कमांडर जीशान अली के नेतृत्व में कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट किया और डीआईजी प्रभाकर चौधरी को सलामी दी। एक जैसी वर्दी, सधे कदम और गूंजते कमांड के बीच पूरा मैदान अनुशासन और जोश से सराबोर नजर आया। डीआईजी अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी ने एसएसपी नीरज कुमार जादौन के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी नवागत आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई। डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों को संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। वहीं एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी आरक्षियों को विभाग का अभिन्न हिस्सा बनने पर बधाई देते हुए अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।21 जुलाई 2025 से शुरू हुए इस प्रशिक्षण में आरक्षियों को बीएनएस, बीएनएसएस, संविधान, मानवाधिकार, साइबर अपराध जैसे आंतरिक विषयों के साथ भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, शस्त्र प्रशिक्षण और शारीरिक दक्षता जैसे बाह्य विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। मोहित चौहान बने सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित किया गया। मोहित चौहान को सर्वांग सर्वोत्तम घोषित किया गया। आंतरिक विषयों में भारत कुमार और बाह्य विषयों में राजन ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसके अलावा परेड कमांडर में जीशान अली प्रथम, लवी कुमार द्वितीय और अभय तृतीय स्थान पर रहे। पीएसी 38 वीं वाहिनी में भी हुआ आयोजन रामघाट रोड स्थित पीएसी 38वीं एवं बौनेर स्थित 45 वीं वाहिनी में आयोजित समारोह के बीच कोई रिक्रूट पुलिस जवानों को दीक्षांत परेड में सम्मानित किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 26, 2026, 15:04 IST
Police: नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद अलीगढ़ पुलिस को मिले 581 नए आरक्षी, पासिंग आउट परेड में गूंजी कदमताल #CityStates #Aligarh #AligarhPolice #PassingOutParadeUpPolice #AligarhPoliceLine #AligarhNews #NewConstables #SubahSamachar
