अमृतसर में विवाद: गुमटाला में 200 साल पुराने धार्मिक स्थल को तोड़ने का आरोप, पुंज बिरादरी में रोष; जांच शुरू
अमृतसर के लोहारा रोड बाईपास स्थित गांव गुमटाला में करीब 200 साल पुराने धार्मिक स्थल को तोड़े जाने के बाद पुंज बिरादरी के लोगों में रोष है। बिरादरी के लोगों का कहना है कि इस स्थान पर उनकी छह से सात पीढ़ियां पूजा-अर्चना करती आ रही हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। बिरादरी के लोगों के अनुसार, जमीन विवाद और कथित लैंड माफिया से जुड़े कुछ लोगों ने पुराने मंदिर और जठेरों के स्थान को तोड़ दिया। उनका कहना है कि यह स्थान उनकी धार्मिक आस्था और पूर्वजों की परंपराओं से जुड़ा हुआ है। इसे तोड़े जाने से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की गई। इसके बाद एसीपी नॉर्थ गगनदीप सिंह और थाना सदर के एसएचओ गुरजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच के सिलसिले में जमीन बेचने वाले व्यक्ति को थाने बुलाया है। बिरादरी के लोगों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो आने वाले दिनों में संघर्ष तेज किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 11:01 IST
अमृतसर में विवाद: गुमटाला में 200 साल पुराने धार्मिक स्थल को तोड़ने का आरोप, पुंज बिरादरी में रोष; जांच शुरू #CityStates #Amritsar #Punjab #AmritsarPolice #Demolition #Gumtala #PunjCommunity #SubahSamachar
