बस्तर पर्यटन को मिली रफ्तार: प्राकृतिक धरोहरों पर आधुनिक सुविधाएं, स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया संबल

प्राकृतिक सौंदर्य, झरनों की गूंज, घने वनों की हरियाली और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के लिए पहचाना जाने वाला बस्तर अब पर्यटन विकास के नए चरण में प्रवेश कर चुका है। वर्षों से लंबित योजनाओं को गति मिलने के बाद क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारभूत ढांचे का विस्तार दिखाई देने लगा है। राज्य सरकार और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से बस्तर का पर्यटन परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान सहित दंतेवाड़ा, बारसूर, नारायणपुर और कोंडागांव के प्रमुख स्थलों पर सड़क संपर्क मजबूत किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, विश्राम शेड, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को बेहतर बनाया गया है। साथ ही आकर्षक व्यू-पॉइंट और सेल्फी जोन विकसित किए गए हैं, जिससे पर्यटक अनुभव और अधिक समृद्ध हो रहा है। जगदलपुर में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर की स्थापना से आगंतुकों को आवास, स्थानीय भ्रमण, गाइड सेवा और अन्य जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है। ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं से पर्यटन सेवाएँ अधिक सुलभ और पारदर्शी बनी हैं। पर्यटन विकास का सकारात्मक असर स्थानीय युवाओं के रोजगार पर भी पड़ा है। गाइड प्रशिक्षण, होम-स्टे योजना, साहसिक गतिविधियों और आतिथ्य सेवाओं के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। बेलमेटल कला, टेराकोटा, हस्तशिल्प और जनजातीय उत्पादों की बिक्री में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र और हरित विकास की पहल के जरिए प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने पर जोर है। साथ ही बस्तर दशहरा और मड़ई महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक स्थानीय परंपराओं से रूबरू हो रहे हैं। पर्यटन विभाग दीर्घकालीन मास्टर प्लान के तहत इको-टूरिज्म, वाइल्डलाइफ और साहसिक पर्यटन को और विस्तार देने की दिशा में काम कर रहा है। स्थानीय नागरिकों और पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि सुविधाओं के इस विस्तार से बस्तर आने वाले समय में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 14, 2026, 15:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बस्तर पर्यटन को मिली रफ्तार: प्राकृतिक धरोहरों पर आधुनिक सुविधाएं, स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया संबल #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar