करनाल में रातभर तलाश: तालाब में मिला दो वर्षीय एकांश का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

निसिंग के गांव सिंगड़ा में बुधवार दोपहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता दो वर्षीय एकांश का शव वीरवार दोपहर करीब एक बजे गांव के गंदे तालाब में मिला। गोताखोरों की टीम ने तलाश के दौरान शव को बाहर निकाला। बच्चे की तलाश में पुलिस ने रातभर अभियान चलाया। घरों, छतों और पानी की टंकियों तक की जांच की गई। खोजी कुत्तों की टीम की भी मदद ली गई, लेकिन रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका थी कि एकांश घर के पास बने जोहड़ में गिर गया होगा। इसके बाद तालाब में गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। बच्चे का शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। निसिंग थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर कंट्रोल रूम से बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम गांव सिंगड़ा पहुंची और तलाश शुरू की। पुलिस ने बच्चे के पिता लालचंद से बातचीत कर जानकारी जुटाई। इसके बाद आसपास के घरों और गांव के अलग-अलग स्थानों पर खोज अभियान चलाया गया। पुलिस को घर के नजदीक तालाब होने की जानकारी मिली तो उसमें भी बच्चे की तलाश करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, शुरुआती तलाशी में सफलता नहीं मिली। डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि तालाब से बच्चे का शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के शवगृह में भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। रात 11 बजे बुलाए गोताखोर, सुबह फिर शुरू हुई तलाश परिजनों की आशंका के बाद बुधवार रात करीब 11 बजे गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया गया। रात में तालाब में तलाश की गई, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। वीरवार सुबह होते ही दोबारा सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस की कई टीमें गांव में बच्चे की तलाश में जुटी रहीं। इस दौरान डीएसपी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिवार और आसपास के लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। दोपहर करीब एक बजे गोताखोरों की टीम को तालाब में बच्चे का शव मिला।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 29, 2026, 09:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




करनाल में रातभर तलाश: तालाब में मिला दो वर्षीय एकांश का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज #CityStates #Crime #Karnal #Haryana #SubahSamachar