Roorkee News: ग्राम प्रधान के घर घुसकर मारपीट

जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों पर ग्राम प्रधान के घर में घुसकर उनके पिता के साथ मारपीट कर जान से मारने और एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर दयालपुर गांव के ग्राम प्रधान शाहुन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन के लिए पात्रता की जांच की जा रही थी। इस दौरान अजय कुमार की पत्नी और सोहित ने आवास के लिए अपनी पात्रता का दावा किया।इसी बात को लेकर 24 अक्तूबर को दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। प्रधान का आरोप है कि इसके बाद रोहित, राजेश कुमार और कुलवीर डंडे लेकर विनय, सोहित, टीटू व अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंच गए। घर में घुसकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर प्रधान के पिता सादिक के साथ डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई।शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। प्रधान का आरोप है कि आरोपी एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर चले गए। कोतवाली प्रभारी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 04, 2026, 15:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Roorkee News: ग्राम प्रधान के घर घुसकर मारपीट #EnteredTheVillageHead'sHouseAndBeatHimUp #SubahSamachar