सीजी: कोरबा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपियों पर केस दर्ज
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने पांच मामलों में कुल 53.6 लीटर महुआ शराब और 300 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। सभी पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। बाल्को और दीपका क्षेत्र में कार्रवाई पहली कार्रवाई बाल्को थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में की गई। यहां बोधराम श्रीवास (40), पिता घसिया श्रीवास, के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब और 30 किलोग्राम लाहन जब्त किया गया। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक सुनील कुमार रात्रे के नेतृत्व में हुई। टीम में अनुजा बेक, संजय गुप्ता, भावेश साहू और कृष्णा कुमार राजवाड़े शामिल थे। दूसरी कार्रवाई आबकारी वृत्त दीपका में उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। पहले मामले में बड़े बांका, थाना कटघोरा निवासी जगेश्वर मरकाम (38), पिता सुजान सिंह, के पास से 6.2 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं, डबरीपारा रजकम्मा निवासी अजीत टेकाम (23), पिता फूल सिंह, के कब्जे से 11.2 लीटर महुआ शराब और 30 किलोग्राम लाहन जब्त किया गया। उरगा और कटघोरा में भी दबिश तीसरी कार्रवाई उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा में की गई। यहां अन्नपूर्णा जायसवाल (35), पति राजकुमार, के पास से 11 लीटर महुआ शराब और 180 किलोग्राम लाहन जब्त किया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक विपिन कुमार पाठक ने किया। चौथी कार्रवाई कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूभटरा गांव में हुई। यहां शांति बाई, पति पताइत राम, के कब्जे से 18.2 लीटर महुआ शराब और 60 किलोग्राम लाहन जब्त किया गया। कार्रवाई उपनिरीक्षक डॉ. सुकांत पांडेय के नेतृत्व में की गई। अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की चुनौती जिले में आबकारी विभाग की ओर से अवैध महुआ शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कुछ गांवों में शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीण इसे बंद कराने की मांग लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंच रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 16:29 IST
सीजी: कोरबा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपियों पर केस दर्ज #CityStates #Crime #Chhattisgarh #Korba #SubahSamachar
