हाथरस सड़क हादसा: हाईवे पर ट्रक ने ईको कार को मारी टक्कर, छह घायल, कार के उड़े परखच्चे

हाथरस के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर चंदपा थाना क्षेत्र के गांव नगला भुस के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कार क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। आगरा के शाहगंज और शहीद नगर निवासी परिवार बुलंदशहर जिले में अपने एक रिश्तेदार के घर गमी में शामिल होने गए थे। देर रात वे ईको कार से आगरा लौट रहे थे। चंदपा कोतवाली क्षेत्र में नगला भुस बाइपास तिराहा के निकट सामने से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार में तीन बच्चे सहित करीब 10 लोग सवार थे। हादसे के बाद कार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में शाहगंज निवासी शादाब, सादिक, बुशरा पत्नी शकील और बोदला निवासी होमा अंसार सहित छह लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को आगरा रेफर किया। हादसे में अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। सीओ योगेंद्रकृष्ण नारायण ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 08, 2026, 10:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




हाथरस सड़क हादसा: हाईवे पर ट्रक ने ईको कार को मारी टक्कर, छह घायल, कार के उड़े परखच्चे #CityStates #Hathras #UttarPradesh #HighwayAccident #Truck #EcoCar #Collision #Injured #Chandpa #Agra #Police #SubahSamachar