Bareilly News: बेकाबू डंपर ने बरातियों को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल
बड़े बाइपास के किनारे स्थित बरातघर के सामने शनिवार रात 1:30 बजे बेकाबू डंपर ने बरातियों को रौंद दिया। इसमें शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सहोड़ा निवासी मनीष कुमार (26) की मौत हो गई। तीन अन्य बराती घायल हो गए। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बड़े बाइपास के किनारे स्थित एसएमलॉन में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सहोड़ा से विनोद की बरात शनिवार शाम आई थी। रात 1:30 बजे कुछ बराती बरातघर के सामने खड़े थे। इस दौरान तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने खड़े बरातियों को रौंद दिया। हादसे में मनीष कुमार की मौत हो गई। तीन बराती घायल हो गए। इस दौरान डंपर का क्लीनर मुस्तकीम भी घायल हुआ। बरातियों के मुताबिक, डंपर चालक ने बड़े बाइपास स्थित एक ढाबे में डंपर को खड़ा कर दिया। बराती पीछा करते हुए ढाबे पहुंचे तब तक आरोपी चालक वहां से भाग चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायल क्लीनर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मनीष के पिता कढ़ेराम की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी की तलाश की जा रही है।गांव में पसरा मातममनीष कुमार छह भाइयों में तीसरे नंबर के थे। मनीष की शादी सात साल पहले हुई थी। उनका पांच वर्षीय बेटा और 11 माह की बेटी है। वह बैंडबाजों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। कच्ची गृहस्थी टूटने से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 04:36 IST
Bareilly News: बेकाबू डंपर ने बरातियों को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल #UncontrolledDumperRunsOverWeddingParty #OneDead #ThreeInjured #SubahSamachar
