अयोध्या के तारुन में परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला

अयोध्या में बुधवार सुबह एक परिवार पर विपक्षियों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने घटना के तुरंत बाद कोतवाली तारुन पहुंचकर तहरीर दी है। तारुन निवासी पीड़ित रवि कुमार गौड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह वह अपने पिता के साथ घर के बाहर खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। हमले में रवि कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि बीच-बचाव करने आई रवि की पत्नी, माता शिवकली एवं पिता जगमोहन गौड़ पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। इससे सभी को चोटें आईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाहर से लोगों को बुलाकर पूरे परिवार को खत्म करने की बात कही। जाते समय असलहा लहराते हुए गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि बच्चों के विवाद में विपक्षी युवक के सिर पर डंडे से वार कर घायल कर दिया है। तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा लिखा जा रहा है, एक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है ।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 12:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अयोध्या के तारुन में परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला #SubahSamachar