अयोध्या विकास प्राधिकरण में बैठक के बाद लोगों के साथ उतर रहे थे विधायक, अचानक टूट गई सीढ़ी

अयोध्या विकास प्राधिकरण में कोचिंग, अस्पताल, होटल और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर आयोजित बैठक खत्म होने के बाद बड़ा हादसा होते-होते बच गया। शुक्रवार को दोपहर करीब 3:10 बैठक समाप्त होने के बाद विधायक वेदप्रकाश गुप्ता के साथ कोचिंग संचालक और अन्य लोग प्राधिकरण भवन की मुख्य सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे। इस समय भवन में करीब 150 लोग मौजूद थे। विधायक वेदप्रकाश गुप्ता जैसे ही सीढ़ियों से नीचे उतरे कुछ ही सेकेंड बाद मुख्य सीढ़ी टूट गई। उस समय कई लोग सीढ़ियों पर ही मौजूद थे। राहत की बात रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। लोगों के बीच चर्चा रही कि अगर कुछ सेकेंड की और देरी होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। घटना के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इसकी वजह यह रही कि बैठक के दौरान पहली मंजिल पर संचालित होने वाले कोचिंग संस्थानों के लिए दो सीढ़ियां अनिवार्य रखने और सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा समाप्त होने के कुछ देर बाद ही प्राधिकरण भवन की मुख्य सीढ़ी टूटने से कई सवाल खड़े हो गए। घटना के बाद प्राधिकरण ने तत्काल उस मार्ग को बंद कर दिया और दूसरी सीढ़ी से लोगों की आवाजाही शुरू कराई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 03, 2026, 14:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अयोध्या विकास प्राधिकरण में बैठक के बाद लोगों के साथ उतर रहे थे विधायक, अचानक टूट गई सीढ़ी #SubahSamachar