बहादुरगढ़: नप और प्रदूषण बोर्ड का अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान

शहर में अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर परिषद और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने सोमवार को सख्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन से लेकर दिल्ली-रोहतक रोड पर की गई, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान टीम ने सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटवाया और नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के चालान किए। अधिकारियों ने बताया कि तीन दुकानदारों के पास सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर कार्रवाई की गई, जबकि पांच दुकानदारों को अतिक्रमण करने का दोषी पाया गया। संयुक्त टीम ने कुल आठ दुकानदारों पर 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने मौके पर ही दुकानदारों को चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान टीम ने सड़क पर रखे सामान और फ्लैक्स बोर्डों को जब्त किया। कई दुकानदारों ने तुरंत अपना सामान समेट लिया, जबकि कुछ को टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाना पड़ा। इस दौरान सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रोहतक रोड पर हुई अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई का असर शहर के मेन बाजार और रेलवे रोड पर भी दिखने को मिला। जहां दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा और उन्होंने अपने सामान को खुद ही समेट लिया। नगर परिषद के एसडीओ जोगेंद्र सिंधु ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है और इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। उन्होंने दुकानदारों से कपड़े या अन्य वैकल्पिक बैग का उपयोग करने की अपील की। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण और प्लास्टिक उपयोग की शिकायतें मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर तीन दुकानदारों के चालान किए गए। इनमें एक चालान एक हजार का और दो चालान 1500-1500 के किए गए हैं। वहीं अतिक्रमण करने वाले दो दुकानदारों के तीन-तीन हजार, दो के 1500-1500, एक दुकानदार का एक हजार का चालान किया गया। इस दौरान नगर परिषद के एसआई सुनील हुड्डा और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 14:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बहादुरगढ़: नप और प्रदूषण बोर्ड का अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान #SubahSamachar