सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिखाई गंगा किनारे की मैली तस्वीर
गंगा किनारे करीब एक किमी तक जली लकड़ियों के ढेर, राख, कोयला गंगा के निर्मल जल पर बदनुमा दाग के समान है। सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने गंदगी के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद, विधायक और ब्लॉक प्रमुख पर सवाल उठाते हुए वीडियो वायरल की है। उनका कहना है जब उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष थीं, गंगा किनारे नियमित सफाई की जाती थी। चौधरी चरण सिंह नगर मोहल्ला निवासी सपा नेता भूपेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर गंगा धाम तिगरी किनारे की वीडियो वायरल की। वीडियो में करीब एक किमी तक तक जली लकड़ियों के ढेर दिखाई दे रहे हैं। राख और कोयले दूर तक पसरे हैं।इन लकड़ियों में शवों के अंतिम संस्कार किए गए। वह गंगा किनारे सफाई नहीं किए जाने के लिए मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद, विधायक और ब्लॉक प्रमुख पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सभी जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं। प्रदेश व केंद्र में उसकी सरकार है। नमामि गंगे, स्वच्छ गंगा मिशन कहां गए। किसी को गंगा किनारे की गंदगी दिखाई नहीं दे रही। जब उनकी पत्नी सरिता चौधरी जिला पंचायत की अध्यक्ष थीं, गंगा किनारे नियमित सफाई की जाती थी। आज कोई गंगा की सुध नहीं ले रहा। इस गंदगी के कारण श्रद्धालुओं, अंतिम संस्कार करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 15:39 IST
सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिखाई गंगा किनारे की मैली तस्वीर #SubahSamachar
