एसजीपीसी की संपत्तियों में गड़बड़ी के आरोप, ज्ञानि हरप्रीत सिंह ने उठाए सवाल
अकाली दल पुनर सुरजीती के अध्यक्ष ज्ञानि हरप्रीत सिंह ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की संपत्तियों को कथित तौर पर खुर्द-बुर्द करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने गुरुद्वारा जमीनों को सस्ते दाम पर बेचने के मामलों में पारदर्शिता की मांग की है। कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एसजीपीसी पंथक संपत्तियों की केवल देखरेख करने वाली संस्था है, मालिक नहीं। इसके बावजूद मौजूदा नेतृत्व पर इन संपत्तियों का निजी और राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गुरुद्वारा भट्टा साहिब, कोटला निहंग खान (रोपड़) में वर्ष 2002 में दान में मिली एक एकड़ प्राइम लोकेशन की जमीन मात्र सात हजार रुपये प्रति गज के हिसाब से बेच दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि हाईवे से सटी कीमती जमीन इतनी कम कीमत पर क्यों बेची गई। इसी तरह मोहाली स्थित गुरुद्वारा अंब साहिब की जमीन के बदले गमाडा द्वारा दिए गए 39.43 करोड़ रुपये मुआवजे के उपयोग पर भी उन्होंने हिसाब मांगा। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार यह राशि नई जमीन खरीदने में लगनी चाहिए थी, लेकिन अब तक कोई खरीद नहीं की गई। ज्ञानि हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक होने के कारण पंथक जमीनों को चुनावी फंड के लिए बेचा जा रहा है। उन्होंने 3 मार्च को श्री आनंदपुर साहिब में पंथक सम्मेलन आयोजित कर विजन दस्तावेज जारी करने की घोषणा भी की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 17, 2026, 13:47 IST
एसजीपीसी की संपत्तियों में गड़बड़ी के आरोप, ज्ञानि हरप्रीत सिंह ने उठाए सवाल #SubahSamachar
